पलामू में अपहरण के प्रयास मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में 8 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से हथियार, कारतूस और वाहन बरामद किए गए हैं।
घटना 30 मार्च 2026 की है, जब भट्टी मोहल्ला के पास सद्दाम कुरैशी और उसके साथियों ने आनंद कुमार रवि के अपहरण का प्रयास किया। विरोध करने पर अपराधियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में शहर थाना में कांड संख्या 116/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सभी आरोपी एक काले रंग की स्कॉर्पियो से जिले से बाहर भागने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने बिस्फोटा चौक के पास रेलवे अंडरपास पर चेकिंग अभियान चलाया। 31 मार्च की रात करीब 10:45 बजे पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका और उसमें सवार सभी 8 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से देशी पिस्टल, कट्टा, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सभी आरोपी पहले से आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं और उनके खिलाफ हत्या व रंगदारी जैसे गंभीर केस दर्ज हैं।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने एक और मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
रिपोर्टर: विकास कश्यप
