बिहपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का दो सदस्यीय कायाकल्प टीम द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया गया। टीम में शामिल डॉ. विकास पांडेय एवं डॉ. रूपाली ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी भवन की संरचना, साफ-सफाई की स्थिति, पेयजल सुविधा, ऑपरेशन थिएटर (ओटी), महिला वार्ड, ओपीडी कक्ष, एक्स-रे यूनिट, दवा वितरण कक्ष तथा पैथोलॉजी लैब की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
टीम ने अस्पताल परिसर में उपलब्ध संसाधनों के उपयोग की वास्तविक स्थिति को भी परखा। आरओ प्लांट, पानी टंकी की स्वच्छता, मरीजों के लिए खानपान व्यवस्था तथा अस्पताल गार्डन की देखरेख की स्थिति का अवलोकन किया गया। साथ ही अस्पताल से निकलने वाले कचरे के उठाव एवं उसके वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया की जांच की गई, ताकि स्वच्छता मानकों का सही अनुपालन सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुरारी पोद्दार, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. रितु एवं डॉ. देवव्रत मौजूद रहे। टीम ने उपस्थित एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर दैनिक कार्यप्रणाली, मरीजों की सुविधा और सेवा गुणवत्ता से संबंधित आवश्यक जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला गुणवत्ता सलाहकार पदाधिकारी डॉ. प्रशांत, पीरामल फाउंडेशन की डॉ. पूजा रानी, स्नेहाशीष दास एवं अरूणिमा आरएस भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सीएचसी के हेल्थ मैनेजर मनीष कुमार भट्ट, बीसीएम मो. शमशाद तथा अन्य स्वास्थ्य एवं कार्यालय कर्मियों ने निरीक्षण टीम को विभिन्न व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
कायाकल्प कार्यक्रम के तहत यह निरीक्षण अस्पतालों में स्वच्छता, गुणवत्ता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टीम द्वारा दिए गए सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाने की संभावना है, जिससे मरीजों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
