नवगछिया। चोरी के सोने की खरीद-बिक्री के मामले में कदवा थाना पुलिस ने नवगछिया बाजार के एक ज्वैलरी दुकानदार को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई उस मामले में की गई है, जिसमें अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जेवर साफ करने के नाम पर सोने-चांदी के आभूषणों की ठगी और चोरी की घटना सामने आई थी।


जानकारी के अनुसार, कदवा थाना क्षेत्र में कुछ दिनों पूर्व एक व्यक्ति के साथ ठगी की घटना हुई थी। ठगों ने जेवर साफ करने का झांसा देकर आभूषणों को केमिकल में डालने की बात कही और इसी प्रक्रिया के दौरान सोना एवं चांदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


जांच के क्रम में पुलिस ने कटिहार जिला के समेली निवासी मुन्ना मंडल, प्रेम कुमार और कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए जेवर को उन्होंने नवगछिया बाजार स्थित एक ज्वैलरी दुकान में बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने संबंधित दुकान की पहचान कर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।


सीसीटीवी फुटेज की जांच में तीनों आरोपितों को ज्वैलरी दुकान में प्रवेश करते हुए देखा गया। इसके आधार पर पुलिस ने दुकान संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में दुकानदार ने स्वीकार किया कि उसने आरोपितों से करीब 8.75 ग्राम गला हुआ सोना खरीदा था।


पुलिस फिलहाल दुकानदार से गहन पूछताछ कर रही है और यह जांच की जा रही है कि क्या वह पहले भी ऐसे मामलों में संलिप्त रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी के अन्य आभूषण कहीं और तो नहीं बेचे गए। मामले की जांच जारी है और पुलिस ने संकेत दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर आगे और भी कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *