नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 16 फरवरी 2026 को जेईई मेन 2026 सेशन-1 का परिणाम घोषित कर दिया है। इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश की दिशा में यह पहला बड़ा पड़ाव माना जाता है। इस बार देशभर में कुल 12 अभ्यर्थियों ने 100 एनटीए स्कोर यानी 100 पर्सेंटाइल हासिल किया है। इनमें बिहार के शुभम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किया और राज्य के एकमात्र 100 पर्सेंटाइल धारक बनकर स्टेट टॉपर का दर्जा हासिल किया है।
सूची में पहला स्थान दिल्ली (एनसीटी) के श्रेयस मिश्रा का है, दूसरे स्थान पर नरेंद्रबाबू गारी माहित और तीसरे स्थान पर बिहार के शुभम कुमार का नाम दर्ज है। 100 पर्सेंटाइल प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी जेईई एडवांस्ड के लिए मजबूत दावेदार माने जाते हैं। मेंस परीक्षा में सफल छात्र ही एडवांस्ड में बैठ सकते हैं और एडवांस्ड क्वालिफाई करने के बाद ही आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में दाखिला मिलता है। वहीं एनआईटी, ट्रिपल आईटी और अन्य केंद्रीय संस्थानों में प्रवेश जेईई मेन स्कोर के आधार पर होता है।
इस वर्ष सेशन-1 के लिए कुल 13,55,293 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें विदेशों के परीक्षा केंद्रों के छात्र भी शामिल थे। इनमें से 13,04,653 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार परीक्षा की उपस्थिति दर 96.26 प्रतिशत रही, जो प्रतियोगिता के उच्च स्तर को दर्शाती है।
एनटीए ने स्कोरकार्ड में उम्मीदवारों का कुल स्कोर, विषयवार पर्सेंटाइल, ओवरऑल एनटीए स्कोर, जेईई एडवांस्ड के लिए क्वालिफाइंग स्टेटस और कटऑफ से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई है।
अभ्यर्थी अपना परिणाम देखने के लिए jeemain.nta.nic.in वेबसाइट पर जाकर “Final Results for JEE(Main) 2026 Paper-1 (BE/BTech) is Live!” लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और कैप्चा कोड दर्ज कर स्कोरकार्ड डाउनलोड किया जा सकता है।
