भागलपुर जिला जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय, मौर्य विवाह भवन (मौर्य जुबली पैलेस), जीरो माइल, भागलपुर से बुधवार को जिला स्तरीय जदयू सदस्यता अभियान 2025–28 की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर आयोजित बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में जदयू के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की।
सदस्यता अभियान की शुरुआत के मौके पर भागलपुर के सांसद अजय मंडल और विधान परिषद सदस्य विजय सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभियान की अहमियत पर विस्तार से प्रकाश डाला। सांसद अजय मंडल ने अपने संबोधन में कहा कि यह सदस्यता अभियान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी का अहम हिस्सा है और साथ ही यह एनडीए की एकता और संगठनात्मक मजबूती का सशक्त उदाहरण भी है।
सांसद अजय मंडल ने कहा कि बीते चुनावों में एनडीए ने आपसी एकजुटता के बल पर शानदार जीत दर्ज की है और यही एकता भविष्य में भी एनडीए की सबसे बड़ी ताकत बनी रहेगी। उन्होंने कहा, “एनडीए की जीत का मुख्य आधार आपसी समन्वय और संगठन की मजबूती है। हम सभी लोग एकजुट हैं और इस एकता को हर हाल में बनाए रखेंगे। इसी उद्देश्य से आज पूरे बिहार में एक साथ सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और टोला-टोला जाकर आम जनता को जनता दल यूनाइटेड की नीतियों, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए विकास कार्यों और सामाजिक न्याय के संकल्प से जोड़ें। सांसद ने स्पष्ट किया कि यह सदस्यता अभियान केवल संख्या बढ़ाने का माध्यम नहीं है, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आम लोगों से सीधा जुड़ाव स्थापित करने का अभियान है।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यता अभियान की रूपरेखा, लक्ष्य और कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला स्तर से लेकर प्रखंड और बूथ स्तर तक अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने का संकल्प लिया गया। नेताओं ने विश्वास जताया कि जदयू का यह सदस्यता अभियान आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को और अधिक मजबूती देगा और एनडीए की जीत की नींव को मजबूत करेगा।
इस कार्यक्रम में प्रभारी प्रहलाद सरकार, सूडू साई, कहकशां परवीन, पूर्व राज्यसभा सांसद, सुल्तानगंज विधायक ललित नारायण मंडल, कार्यकारी जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता, रामाशीश सिंह, राकेश ओझा, शैलेंद्र तोमर सहित भागलपुर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के जदयू प्रखंड कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
