पलामू जिले के मेदिनीनगर से खबर है, जहां उपायुक्त कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े दर्जनों मामलों पर सुनवाई की गई।

मेदिनीनगर स्थित समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार में जिले के अलग-अलग प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष रखीं। कुल 30 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, आपूर्ति, कल्याण और ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले शामिल थे।

 

उपायुक्त समीरा एस ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर मामले में 15 दिनों के भीतर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है।

 

जनता दरबार में पीपरा प्रखंड के ग्राम सोनवे से आई आशा देवी ने मुख्यमंत्री मईयाँ सम्मान योजना की राशि बंद होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि अगस्त माह तक उन्हें योजना का लाभ मिल रहा था, लेकिन उसके बाद भुगतान रुक गया। कई बार प्रखंड कार्यालय जाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। इस पर उपायुक्त ने तत्काल जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया।

 

वहीं चैनपुर प्रखंड के उमर ख्याम ने जमीन से जुड़े मामले में गलत तरीके से डबल डिमांड खोलने की शिकायत की और जांच की मांग की। पाटन प्रखंड के सदरू अंसारी ने मनरेगा योजना में अवैध निकासी का आरोप लगाते हुए आवेदन सौंपा।

 

इसके अलावा भूमि विवाद, सार्वजनिक रास्ता अवरुद्ध करने, प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी, दाखिल-खारिज समेत कई अन्य मामलों को भी उठाया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मामलों की गंभीरता को देखते हुए जल्द समाधान किया जाए।

 

जनता दरबार में लोगों की सक्रिय भागीदारी देखी गई, जिससे प्रशासन के प्रति भरोसा भी नजर आया।

 

संवाददाता: विकास कश्यप, पलामू

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *