ईद के पावन मौके पर झारखंड के जामताड़ा में खेल, उत्साह और भाई चारे का शानदार संगम देखने को मिला। केजीएन क्लब सरखेलडीह एवं पाकडीह के संयुक्त तत्वावधान में भव्य नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों और दर्शकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

इस रंगारंग टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल, नेशनल ह्यूमन राइट एंड जस्टिस मूवमेंट के केंद्रीय सचिव हाफिज एहतेशामुल मिर्जा, झारखंड प्रदेश महासचिव अकबर अंसारी, कांग्रेस युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव तनवीर आलम, मुखिया स्टेनशीला हेंब्रम एवं राजेश मुर्मू की उपस्थिति में हुआ। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतीकात्मक बल्लेबाजी कर टूर्नामेंट की शुरुआत की।

हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। देर रात तक चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, वहीं बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने हर चौके-छक्के पर तालियों की गूंज से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

फाइनल मुकाबला सिंधी 11 और पिंडारी 11 के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पिंडारी 11 ने 5 ओवर में 60 रन बनाए। जवाब में सिंधी 11 की टीम 34 रन ही बना सकी। इस तरह पिंडारी 11 ने 26 रनों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।

बेहतरीन प्रदर्शन के लिए तालिब खान को मैन ऑफ द मैच, अनु मिर्जा को मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन, जबकि आफताब को बेस्ट बॉलर के रूप में सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में विजेता टीम को 20 हजार रुपये नगद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये और कप देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अतिथियों ने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक बताया।

रिपोर्टर: संतोष कुमार, जामताड़ा

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *