मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार और देश के हित में 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना जरूरी है। देश को सुरक्षित और इतिहास को संरक्षित रखने के लिए भी यह आवश्यक है। भाजपा को गद्दी से हटाने के मकसद से ‘इंडिया’ गठबंधन बना है। उन्होंने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास, एक अणे मार्ग में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष और नगर परिषद अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने बिहार के विकास के लिए केंद्र से कई बार मदद का अनुरोध किया, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। राज्य सरकार अपने बलबूते बिहार का विकास कर रही है। इन बातों को जनता तक पहुंचाएं और सरकार की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दें। उन्होंने कहा कि यदि बिहार को केंद्र का सहयोग मिलता तो यहां विकास अधिक तेजी से होता। इसलिए लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना जरूरी है। बैठक में पार्टी के 580 सदस्य शामिल हुए।

लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर चार घंटे चली इस मैराथन बैठक में नीतीश कुमार ने जदयू के प्रखंड अध्यक्षों को समाज के हर तबके के बीच जाने तथा सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों को लोगों तक पहुंचाने की नसीहत दी। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि मौजूदा सरकार समाज के हर तबके के लिए काम कर रही है। इसलिए लोगों के पास जाने से हिचकिचाएं नहीं। मुख्यमंत्री ने आम लोगों को सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देकर पार्टी से जोड़ने के अभियान में तेजी लाने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव की घोषणा कभी भी हो सकती है। ऐसे में चुनाव के लिए सभी तैयारी शुरू कर दें। मुख्यमंत्री के पूछने पर सभी ने एक स्वर से कहा कि वे लोकसभा चुनाव के लिए तैयार हैं। मुख्यमंत्री ने प्रखंड अध्यक्षों के कार्यकलापों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आप पार्टी की रीढ़ हैं। पार्टी के साथ ही सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों पर नजर आपकी रहती है। आप सरकार और संगठन के बीच सेतु का काम करते हैं। इसलिए आपकी अहम भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने प्रखंड अध्यक्षों को संदेश दिया कि आपकी भूमिका को कम करके नहीं आंका जा सकता है। आप जो कहेंगे, पार्टी मानेगी। उनका इशारा चुनाव के दौरान टिकट वितरण की ओर था। सीएम ने कहा कि सरकार काम कर रही है। कोई भी शिकायत हो तो खुलकर बताइए। अगर सरकार से जुड़ा मामला होगा तो सरकार के स्तर पर और अगर पार्टी से जुड़ा मसला होगा तो संगठन के स्तर पर उसका समाधान किया जाएगा।

पार्टी के कार्यक्रम को जमीन पर उतारें

मुख्यमंत्री ने प्रखंड अध्यक्षों को पार्टी के कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यक्रम बनाती है। उसका निचले स्तर पर क्रियान्वयन में आपकी अहम भूमिका है। नई पीढ़ी को बताइए कि सद्भाव बनाकर रखें। लड़ाई-झगड़ा से विकास के कार्य बाधित होते हैं। आने वाले दिनों में विधानसभा व लोकसभा प्रभारी व विस्तारकों की बैठक होगी।

सीएम ने खुद लिया शिकायतों का पुर्जा

बैठक शुरू होने के समय ही सभी प्रखंड अध्यक्षों को एक पुर्जा दिया गया था जिसमें वे अपनी पूरी जानकारी लिख रहे थे। इसके अलावा कोई शिकायत या सुझाव हो तो वह भी लिखकर देना था। दिलचस्प यह कि इस पुर्जी को सीएम ने खुद प्रखंड अध्यक्षों के हाथों से लिया। इस दौरान सीएम ने कई प्रखंड अध्यक्षों से बातचीत भी की। लगभग एक घंटे तक सीएम प्रखंड अध्यक्षों से रू-ब-रू होते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *