नवगछिया। सिविल सर्जन भागलपुर के निर्देश पर एसीएमओ के नेतृत्व में गठित चार सदस्यीय जांच टीम ने शुक्रवार को सीएचसी इस्माईलपुर पहुंचकर महिला डाटा ऑपरेटर द्वारा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार पर लगाए गए शारीरिक शोषण के आरोपों की जांच की। टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सभी पक्षों से विस्तृत जानकारी एकत्र की।


जांच के दौरान टीम ने महिला डाटा ऑपरेटर से मौखिक एवं लिखित बयान लिया। इसके साथ ही अस्पताल में कार्यरत अन्य महिला एवं पुरुष कर्मियों से भी अलग-अलग पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए गए, ताकि घटना के विभिन्न पहलुओं को स्पष्ट रूप से समझा जा सके। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार से भी आरोपों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई।


जांच टीम के नेतृत्वकर्ता ने बताया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी बयानों और तथ्यों का सावधानीपूर्वक विश्लेषण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए सिविल सर्जन भागलपुर को सौंपा जाएगा।

रिपोर्ट के आधार पर विभागीय स्तर पर उचित निर्णय लिया जाएगा।
इस जांच टीम में डॉ. सीमा कुमारी, जिला स्वास्थ्य समिति की प्रतिनिधि रितु कुमारी (मैनेजर, प्रोग्राम पीएसआई इंडिया) तथा अक्षय कुमार झा (जिला समन्वयक, उर्मिला इंटरनेशनल, भागलपुर) शामिल थे। मामले की जांच को लेकर अस्पताल परिसर में दिनभर हलचल बनी रही और कर्मियों के बीच चर्चा का माहौल रहा।


स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, वहीं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर सभी पक्षों को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *