गोपालपुर | इस्माइलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कार्यरत एक महिला कर्मी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों की जांच के लिए शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की चार सदस्यीय टीम पहुंची। जांच टीम में डॉ. पंकज कुमार मनस्वी, डॉ. सीमा, डॉ. ऋतु कुमारी और डॉ. अक्षय मिश्रा शामिल थे। टीम ने अस्पताल पहुंचकर महिला कर्मी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों से विस्तृत पूछताछ की और सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए।


जांच के दौरान टीम ने पूरे मामले की वस्तुस्थिति समझने का प्रयास किया। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद तैयार रिपोर्ट सिविल सर्जन को सौंप दी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। टीम ने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी पक्षों की बात निष्पक्ष रूप से सुनी जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।


महिला कर्मी ने अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश रंजन पर शारीरिक और मानसिक शोषण के प्रयास का आरोप लगाया है। यह मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है और स्थानीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।


वहीं, आरोपों को लेकर डॉ. राकेश रंजन ने अपनी सफाई में कहा है कि उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके खिलाफ साजिश के तहत लगाया गया आरोप है और जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।


फिलहाल, सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी और आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *