भागलपुर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी एवं किसान पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला कृषि पदाधिकारी, तीनों अनुमंडल पदाधिकारी, तीनों डीसीएलआर, सभी बीडीओ एवं सीओ मौजूद रहे।

 

बैठक में बताया गया कि भागलपुर जिले के कुल 2,74,158 किसान पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त कर रहे थे, जिनका किसान पंजीकरण और ई-केवाईसी किया जाना अनिवार्य है। अब तक 1,08,000 किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि 2,10,000 किसानों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है। वहीं, शेष 1,02,000 किसानों का पंजीकरण अभी बाकी है।

 

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा किसान पंजीकरण के लिए 15 फरवरी 2026 तक की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए और पंचायत रोजगार सेवक, आवास सहायक, पंचायत सचिव एवं तकनीकी सहायक को आवश्यकता अनुसार आईटी आईडी क्रिएट कर पंजीकरण कार्य में लगाया जाए। बताया गया कि प्रत्येक प्रखंड में 95 आईडी क्रिएट किए जा सकते हैं।

 

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अगले तीन दिनों में कम से कम 50,000 किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सके। बताया गया कि राज्य स्तर पर मुख्य सचिव द्वारा प्रतिदिन इसकी समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी पात्र किसानों का पंजीकरण और ई-केवाईसी पूरा कर उन्हें योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *