गोपालपुर। जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इस्माईलपुर का औचक निरीक्षण कर महिला स्वास्थ्य कर्मियों से मुलाकात की। यह कार्रवाई प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पर महिला कर्मियों द्वारा लगाए गए अश्लील हरकतों के गंभीर आरोपों के बाद की गई। जांच के दौरान उन्होंने पीड़ित कर्मियों से विस्तृत जानकारी ली और पूरे मामले को गंभीरता से सुना।


निरीक्षण के क्रम में एक और अनियमितता सामने आई। बताया गया कि भागलपुर सर्जेंसी से दवा आपूर्ति करने वाले वाहन के माध्यम से सीएचसी से दो आलमीरा बाहर भेजे गए हैं। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध होने की बात कही गई है, जिससे मामले को और गंभीर माना जा रहा है।


मौके पर ही जिला परिषद अध्यक्ष ने सिविल सर्जन से फोन पर बातचीत कर तत्काल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के तबादले की मांग की। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि सीएचसी में भेजे गए तथा स्थानीय स्तर पर खरीदे गए सभी सामानों का भौतिक सत्यापन कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आ सके।


उन्होंने यह भी बताया कि करीब दो-तीन वर्ष पूर्व भी एक एएनएम द्वारा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन उस समय मामले को दबा दिया गया था। इस बार उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषी कर्मियों और चिकित्सकों पर विधि सम्मत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।


सीएचसी में वर्तमान में छह पुरुष और दस महिला स्वास्थ्य कर्मी कार्यरत हैं। हालांकि आवास की सुविधा होने के बावजूद महिला कर्मियों के लिए मात्र एक ही वॉशरूम उपलब्ध है, जो उनकी समस्याओं को और बढ़ा रहा है। इस मुद्दे पर भी जल्द सुधार की मांग उठाई गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *