सहरसा में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित नवनिर्मित सभाकक्ष का उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में टाइम-बाउंड जनता दरबार का आयोजन किया गया। उद्घाटन के साथ ही सभाकक्ष में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम लोगों की समस्याओं की सुनवाई की गई। जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी-अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे और प्रशासन से त्वरित समाधान की मांग की।

 

सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि आज प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

आज के जनता दरबार में निजी कृषि भूमि से अवैध मिट्टी कटाव, बासगीत पर्चा की भूमि पर जबरन कब्जा, भू-अतिक्रमण, आपूर्ति व्यवस्था में अनियमितता सहित कई गंभीर शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने अंचलाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) को निर्देश दिया कि आपसी समन्वय बनाकर समस्याओं का शीघ्र समाधान करें और इसकी रिपोर्ट भी समय पर प्रस्तुत करें।

 

डीएम ने कहा कि भूमि विवाद और अतिक्रमण से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई आवश्यक है, ताकि आम लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने यह भी कहा कि आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

 

जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने जानकारी दी कि अब प्रत्येक शुक्रवार, राजपत्रित अवकाश को छोड़कर, सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक समाहरणालय के नवनिर्मित सभाकक्ष में नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा। इसमें आम नागरिक सीधे अपनी समस्याएं रख सकेंगे और संबंधित अधिकारियों को उनका समयबद्ध निष्पादन अनिवार्य रूप से करना होगा।

 

उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। इससे न केवल समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी। जनता दरबार के नियमित आयोजन से जिले में सुशासन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *