भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई डिजिटल पहल की शुरुआत करने जा रहा है। 6 मार्च से RailOne App की शुरुआत की जा रही है, जिसके जरिए यात्री अब एक ही प्लेटफॉर्म से रिजर्वेशन और जनरल दोनों तरह के टिकट आसानी से बुक कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था से टिकट काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

 

इस संबंध में जानकारी देते हुए मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि पहले यात्रियों को अलग-अलग सुविधाओं के लिए अलग-अलग मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग करना पड़ता था। लेकिन अब ‘रेल वन’ ऐप के माध्यम से रेलवे की कई सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे यात्रियों का समय बचेगा और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया भी काफी आसान हो जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि इस ऐप के जरिए यात्री रिजर्वेशन टिकट के साथ-साथ जनरल टिकट भी ऑनलाइन बुक कर सकेंगे। इसके अलावा भविष्य में इस प्लेटफॉर्म पर रेलवे से जुड़ी अन्य सेवाओं को भी जोड़े जाने की योजना है, जिससे यात्रियों को और अधिक सुविधाएं मिल सकें।

 

भारतीय रेलवे का मानना है कि इस नई डिजिटल सुविधा से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। खासकर भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर टिकट लेने के लिए लगने वाली लंबी कतारों से यात्रियों को राहत मिलेगी और वे अपने मोबाइल फोन से ही आसानी से टिकट बुक कर पाएंगे।

 

डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ से बचने और समय की बचत के लिए ज्यादा से ज्यादा लोग रेल वन ऐप का उपयोग करें। इससे न सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी बल्कि रेलवे की टिकट व्यवस्था भी अधिक सुचारू और पारदर्शी बनेगी।

 

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को डिजिटल और सरल टिकटिंग प्रणाली उपलब्ध कराना है, ताकि यात्रा से पहले की प्रक्रियाएं और भी सहज हो सकें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *