आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में तीन बार खिताब जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। इतना ही नहीं, टीम इंडिया पहली ऐसी टीम भी बन गई जिसने लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। इससे पहले भारत ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में ट्रॉफी जीती थी, जबकि 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जरूर जीता, लेकिन इसके बाद पूरे मुकाबले में भारतीय टीम का दबदबा देखने को मिला। भारत के ओपनर्स ने तूफानी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी की, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी बन गई।
अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 21 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 54 रन की तेजतर्रार पारी खेली। वहीं संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेलकर टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अंत में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में 26 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारत के स्कोर को 250 के पार पहुंचाया।
256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के सलामी बल्लेबाज जल्दी पवेलियन लौट गए। टिम सीफर्ट ने अर्धशतक जरूर लगाया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बड़े शॉट खेलने में नाकाम रहे।
गेंदबाजी में अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह बिखेर दिया। बुमराह ने अहम मौकों पर विकेट लेकर मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। अंततः न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर ढेर हो गई और भारत ने 96 रन से यह ऐतिहासिक जीत अपने नाम कर ली।
