आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 72 रन से करारी शिकस्त दी। इस शानदार जीत के साथ जहां जिम्बाब्वे टूर्नामेंट से बाहर हो गया, वहीं साउथ अफ्रीका को भी बड़ा फायदा मिला और उसकी सेमीफाइनल की टिकट पक्की हो गई।

 

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाए। कप्तान सिकंदर रज़ा की अगुवाई वाली जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में जवाब दिया।

 

भारत की प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए गए। संजू सैमसन और अक्षर पटेल की वापसी हुई। शुरुआत में सैमसन ने 24 रन बनाए। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने पारी को आगे बढ़ाया। ईशान 38 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 55 रन की तेज पारी खेली।

 

मध्य और अंतिम ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने तूफानी बल्लेबाजी की। सूर्यकुमार यादव ने 13 गेंदों में 33 रन बनाए। हार्दिक पंड्या ने महज 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ा, जबकि तिलक वर्मा ने 16 गेंदों में 44 रन की विस्फोटक पारी खेली। आखिरी पांच ओवरों में पंड्या और तिलक की जोड़ी ने 84 रन जोड़कर टीम को 256 के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।

 

257 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। ब्रायन बेनेट ने अर्धशतक जमाया और सिकंदर रज़ा ने 31 रन बनाए, फिर भी टीम 20 ओवर में 184/6 तक ही पहुंच सकी।

 

इस जीत के साथ भारत और वेस्टइंडीज के बीच सेमीफाइनल की जंग तय हो गई है। वहीं साउथ अफ्रीका के 4 अंक होने के कारण वह अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर चुका है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *