सहरसा सदर अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए नई पुलिस चौकी का उद्घाटन किया गया। कोशी रेंज के डीआईजी कुमार आशीष ने विधिवत फीता काटकर चौकी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर हिमांशु समेत कई पुलिस अधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी कुमार आशीष ने कहा कि सदर अस्पताल और उसके आसपास के क्षेत्रों में चोरी, झगड़ा, हंगामा तथा अन्य अव्यवस्था की घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से इस चौकी की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में इलाज के दौरान कई बार मरीजों के परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बनता था। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए स्थायी पुलिस चौकी की व्यवस्था की गई है।

 

डीआईजी ने स्पष्ट किया कि यह चौकी न केवल अस्पताल परिसर, बल्कि आसपास के इलाकों में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगी। वार्ड नंबर 11 और 13 को भी इसी चौकी के अंतर्गत शामिल किया गया है, जिससे इन क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी और प्रभावी होगी।

 

अब अस्पताल में 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप संभव होगा, जिससे स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और मरीजों व उनके परिजनों में भी सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

 

पुलिस प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि इस पहल से सदर अस्पताल में शांति और अनुशासन कायम रहेगा तथा आमजन को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। स्थानीय लोगों ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *