विभूतिपुर प्रखंड के एक गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को प्रेमालाप करते ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद यह सूचना इलाके में तेजी के साथ फैल गई। देखते हीं देखते सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से गांव के ही शिव मंदिर में रश्म पूरा कर प्रेमी युगल की शादी करा दी।
इसके बाद रात भर हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। घटना शनिवार के रात की बताई गई है। प्रेमी ने शादी के रस्म के बाद सुबह शौच जाने का बहाना बनाया। इस बीच मौका देखकर वह सभी को चकमा देकर फरार हो गया। इसके बाद सभी ग्रामीण हक्का-बक्का रह गये।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक और युवती में लगभग चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह युवती से मिलने कभी-कभी अंधेरे का फायदा उठाकर विभूतिपुर थाना क्षेत्र के उक्त गांव में आया करता था। इस बीच शनिवार को दोनों प्रेमी-प्रेमिका पर ग्रामीणों की नजर पड़ी तो ग्रामीणों ने दोनों को रंगे हाथों दबोच लिया। इसके बाद दोनों की शादी गांव के शिव मंदिर में करवा दी गई। लेकिन शादी के बाद प्रेमी शौच का बहाना बनाकर फरार हो गया।