सहरसा के पतरघट ओपी की किशनपुर पंचायत में शनिवार की रात प्रेम प्रसंग का विरोध करने पर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक छोटू यादव (27) पहाड़पुर का रहने वाला था। सूचना पर पहुंची। पतरघट पुलिस ने एक युवती को पूछताछ के लिए ओपी ले गयी। स्थानीय लोगों के अनुसार मधेपुरा जिला क्षेत्र के ग्वालपाड़ा थाना स्थित डेफरा गांव निवासी व्यक्ति की पुत्री अपने नाना के घर पहाड़पुर में एक महीने से रह रही थी।

किशनपुर पंचायत के सुरमाहा बजरंगी टोला वार्ड सैट निवासी जयकुमार यादव का पुत्र अजीत कुमार जो पहाड़पुर में अपने रिश्तेदार के घर आता था उसकी लड़की से निकटता बढ़ी। प्रेम प्रसंग को लेकर पड़ोसी को जब भनक लगी तो उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया। पड़ोसी दिनेश पासवान ने छोटू यादव को साथ लेकर प्रेम प्रसंग का विरोध करना शुरू किया। शनिवार की रात करीब नौ बजे लड़की को अकेले घर से निकलता देख दिनेश पासवान ने छोटू यादव को बुलाकर उसका पीछा किया। करीब चार पांच सौ गज की दूरी पर लड़की के इंतजार में सुरमाहा बजरंगी टोला निवासी अजीत कुमार खड़ा दिखा।
लड़की के पीछे उनलोगों को पहुंचता देख अजीत ने गोली चला दी जो छोटू के दाएं पंजरा में लगी। गोली लगने के बाद वह मकई के खेत में गिर गया। घटना की सूचना छोटू के परिवार में नहीं देकर दिनेश पासवान अपने घर में आकर सो गया। छोटू के परिजनों के मुताबिक करीब 12 बजे रात तक उसका इंतजार करने के बाद जब दिनेश पासवान से पूछने गए तो वह बोला कि छोटू सुबह लौटेगा। लेकिन कुछ स्थानीय लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि छोटू दिनेश के साथ दक्षिण की तरफ बहियार जा रहा था। शक होने पर उसी दिशा में खोजने पर मकई की खेत में गोली से गंभीर रूप में जख्मी छोटू बेहोशी की हालत में गिरा मिला।

मधेपुरा अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी कविता ने अजीत यादव, दिनेश पासवान, निगम कुमारी पर हत्या का आरोप लगाते रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसडीपीओ संतोष कुमार ने बताया कि शनिवार की रात किशनपुर पंचायत के पहाड़पुर निवासी छोटू यादव की प्रेम प्रसंग का विरोध करने पर गोली मारकर हत्या की गई हैं। हत्या के मामले में तीन लोगों को नामजद किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।