सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां छेड़खानी का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। पीड़िता ने थाना अध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को उनके मोहल्ले में अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे जब स्थिति सामान्य हो गई और अधिकारी वहां से लौट गए, तब अचानक कुछ दबंग युवक मौके पर पहुंचे।
पीड़िता का आरोप है कि महेश कुमार उर्फ बाबू समेत अन्य लोगों ने उसके पिता को जबरन पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंची पीड़िता के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़िता ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, लेकिन समय पर पुलिस नहीं पहुंच सकी। बाद में पीड़ित परिवार स्वयं थाना पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी दी।
आरोप है कि दबंगों द्वारा पुलिस के सामने भी आरोपी बदसलूकी करते रहे और गलत भाषा का इस्तेमाल करते रहे। पुलिस के जाने के बाद भी आरोपी लगातार गाली-गलौज और धमकी देते रहे। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर पुलिस में शिकायत की गई तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। Pirita ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है।
