बिहार के सहरसा में बसनही थाना क्षेत्र के बलैठा स्थित वार्ड नंबर-5 में देर रात अज्ञात अपराधियों ने 18 वर्षीय सौरभ कुमार को गोली मर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सौरभ अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित बासा में सो रहा था, जब अपराधियों ने उसे निशाना बनाया। गोली सौरभ के पैर में लगी और वहीं फंस गई।
घटना के बाद परिजनों ने सौरभ को तुरंत सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। हालांकि, घटना के पीछे के कारणों और अपराधियों की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अपराधियों को पकड़ने और घटना के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए पुलिस प्रयासरत है।
फिलहाल सौरभ की हालत स्थिर बताई जा रही है। इस वारदात ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
सहरसा में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन की तत्परता तो है ही और सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।