मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के मोरनिस्फ गांव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पंचायत का वीडियो बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि 29 मार्च को कुछ लोगों ने युवक को उसके घर से जबरन बाहर घसीट लिया और बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी।
इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक को उसके घर से घसीटते हुए बाहर लाया जा रहा है। इस दौरान वह सीढ़ियों पर गिर जाता है, लेकिन इसके बावजूद भी आरोपित उसे खींचते हुए बाहर ले जाते हैं और मारपीट जारी रखते हैं। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।
बताया जा रहा है कि युवक पंचायत की एक बैठक का वीडियो बना रहा था, जिससे नाराज होकर कुछ लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों में स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि समेत कई लोग शामिल थे।
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से मनियारी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी-2) अनिमेष चंद्र ज्ञानी खुद मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच की।
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है। इतना ही नहीं, एक पक्ष ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत भी आरोप लगाए हैं, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। वायरल वीडियो को भी सबूत के तौर पर खंगाला जा रहा है और दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रही है।
