सूरजभान सिंह की पत्नी और पूर्व सांसद वीणा देवी ने खुद को मोकामा की बहू बताकर मतदाताओं से सोनम देवी के लिए वोट मांग रही हैं। वे सोनम को अपनी गोतनी (देवरानी) बताकर चुनाव प्रचार कर रही हैं।
बिहार के दो विधानसभा सीटों, मोकामा और गोपालगंज, में होने जा रहे उपचुनाव में सभी पार्टियों ने अपनी-अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मोकामा में मुकाबला काफी रोचक हो गया है। महागठबंधन (राजद) ने अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को मैदान में उतारा है तो बीजेपी ने अनंत सिंह के चिरपरिचित प्रतिद्वंदी ललन सिंह की पत्नी सोनम देवी को टिकट दिया है। मोकामा का मुकाबला और दिलचस्प हो गया है, जब इलाके के तीसरे बाहुबली सूरजभान सिंह ने दस्तक दे दी है।
सूरजभान सिंह की पत्नी और पूर्व सांसद वीणा देवी ने खुद को मोकामा की बहू बताकर मतदाताओं से सोनम देवी के लिए वोट मांग रही हैं। वे सोनम को अपनी गोतनी (देवरानी) बताकर चुनाव प्रचार कर रही हैं। उनके पति सूरजभान सिंह ने भी खुद मोर्चा संभाल रखा है।
सूरजभान सिंह ने कहा है कि यह उप चुनाव तय करेगा कि मोकामा और गोपालगंज की जनता विकास चाहती है या नहीं। यह तय करेगा की देश में अमन चैन और विकास चाहने वाले लोगों का समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ है और इसलिए मोकामा तथा गोपालगंज दोनों सीटों पर कमल का खिलना तय है। सूरजभान सिंह मोकामा के विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 2000 के विधान सभा चुनाव में अनंत सिंह के बड़े भाई दिलीप सिंह को भारी मतों से हराया था। तब सूरजभान सिंह को लगभग 77 हजार वोट मिले थे।