बिहार के भागलपुर जिले के मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किशनपुर गांव में दबंगों द्वारा एक महादलित महिला किसान की तैयार गेहूं की फसल में आग लगा देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में करीब दो बीघा से अधिक जमीन पर लगी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई, जिससे पीड़ित परिवार को लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

 

पीड़िता सुमन कुमारी, जो गौराचौकी पंचायत की वर्तमान पंचायत समिति सदस्या हैं, ने बताया कि उन्होंने कड़ी मेहनत से गेहूं की फसल तैयार की थी और बहियार में काटकर उसे इकट्ठा किया था। बीती शाम वह फसल की देखरेख कर घर लौटी थीं, लेकिन सुबह सूचना मिली कि पूरी फसल को किसी ने आग के हवाले कर दिया है।

 

घटना के बाद पीड़िता और उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सुमन कुमारी ने भावुक होकर कहा कि उनकी पूरी मेहनत जलकर खाक हो गई और अब उनके सामने भोजन तक का संकट खड़ा हो गया है।

 

पीड़िता के पति फंटूश यादव ने इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात कही है। उनके अनुसार, करीब 15 साल पहले हुए अंतरजातीय विवाह को लेकर गांव के कुछ दबंग, जिनमें सिकंदर यादव और बिट्टू यादव शामिल हैं, लगातार विरोध करते रहे हैं। साथ ही जमीन को लेकर भी विवाद चल रहा है, जिसके कारण इस घटना को अंजाम दिया गया।

 

घटना के बाद परिजन मधुसुदनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में हैं और वरीय पुलिस अधिकारियों को भी मामले की जानकारी देने की बात कही है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

 

फिलहाल पुलिस कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *