भागलपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पीरपैंती थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खनन और वाहन पासिंग कराने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक गिरोह व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए पुलिस गश्ती दल की लोकेशन साझा कर रहा है। इस जानकारी का इस्तेमाल कर अवैध खनन में लगे वाहनों को सुरक्षित रास्ता दिलाया जाता था, ताकि वे बिना पकड़े निकल सकें। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर जाल बिछाया।
3 अप्रैल 2026 की रात गश्ती दल ने एक संदिग्ध वाहन को चिन्हित कर उसका पीछा किया। साहू मंडी–कहलगांव रोड के पास वाहन को रोका गया और उसमें सवार लोगों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पूरे गिरोह के नेटवर्क का खुलासा कर दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक और वाहन को बरामद किया, जिसमें सवार तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 कार, एक स्कॉर्पियो, 1 लाख 30 हजार 500 रुपये नकद और 7 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल गिरोह के संचालन में किया जा रहा था।
इस मामले की जानकारी सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार और किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन पर बड़ी चोट मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
