सहरसा, नवहट्टा थाना क्षेत्र: जिले के साहपुर पंचायत से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने अवैध एलपीजी गैस कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 135 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। बरामद सिलेंडरों में 73 खाली और 62 भरे हुए HP गैस सिलेंडर शामिल थे। इतनी बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

 

जानकारी के अनुसार, नवहट्टा थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि शाहपुर निवासी संजय कुमार दास अपने घर पर अवैध तरीके से गैस सिलेंडर का भंडारण और कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर अपर थानाध्यक्ष रोशन कुमार के नेतृत्व में देर रात पुलिस टीम ने छापेमारी की।

 

मौके पर पहुंची पुलिस ने सिलेंडरों की जब्ती के साथ आरोपी संजय कुमार दास से पूछताछ की। जांच में उसने अपने भाई संतोष कुमार दास की भी संलिप्तता स्वीकार की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मामला गैस की कालाबाजारी से जुड़ा है, जिसमें घरेलू एलपीजी सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर ऊँचे दामों पर बेचा जा रहा था।

 

अपर थानाध्यक्ष रोशन कुमार ने बताया कि आम लोग जहां घरेलू गैस की किल्लत से जूझ रहे हैं, वहीं कुछ असामाजिक तत्व इस तरह के अवैध कारोबार के जरिए जनता का शोषण कर रहे हैं। मौके पर थाना बल और ब्लॉक सप्लाई ऑफिसर अविनाश कुमार मिश्रा की मौजूदगी में सभी सिलेंडरों को जब्त किया गया।

 

पुलिस फिलहाल पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इसके तहत आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आपूर्ति अधिनियम और संबंधित गैस कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

स्थानीय लोग इस कार्रवाई से राहत महसूस कर रहे हैं और पुलिस की सतर्कता की तारीफ कर रहे हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की गैस कालाबाजारी या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत नवहट्टा थाना को दें, ताकि ऐसे अपराधियों पर लगाम लगाया जा सके।

 

इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि प्रशासन किसी भी तरह के अवैध कारोबार पर नज़र रखे हुए है और लोगों के हितों की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *