आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 45वें मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर न सिर्फ सेमीफाइनल में जगह बनाई, बल्कि पाकिस्तान का सफर भी लगभग समाप्त कर दिया। पल्लेकल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सुपर-8 के इस मुकाबले में आखिरी ओवर तक रोमांच बना रहा।
टॉस जीतकर पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शुरुआत खराब रही और सैम अयूब 7 रन बनाकर आउट हो गए। सलमान आगा भी 5 रन ही बना सके। इसके बाद साहिबजादा फरहान और बाबर आज़म ने पारी को संभाला। बाबर 25 रन बनाकर आउट हुए, जबकि फरहान ने 45 गेंदों में 63 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। अंत में शादाब खान ने 11 गेंदों में 23 रन जोड़े। पाकिस्तान ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 164 रन बनाए।
इंग्लैंड की ओर से लियम डॉसन ने 3 विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन को 2-2 सफलता मिली।
165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। फिल सॉल्ट बिना खाता खोले आउट हुए और जोस बटलर सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दोनों को शाहीन अफरीदी ने आउट किया। एक समय इंग्लैंड 58 रन पर 4 विकेट गंवा चुका था।
इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 51 गेंदों में 100 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे। सैम करन और विल जैक्स ने उनका अच्छा साथ निभाया। हालांकि जीत के करीब पहुंचते ही शाहीन अफरीदी ने ब्रूक को बोल्ड कर दिया, लेकिन तब तक मैच इंग्लैंड की मुट्ठी में था। अंत में जोफ्रा आर्चर ने विजयी रन बनाकर टीम को 19.1 ओवर में 166 रन तक पहुंचाया।
इस जीत के साथ इंग्लैंड के सुपर-8 में 4 अंक हो गए हैं और उसने सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। वहीं पाकिस्तान के खाते में सिर्फ 1 अंक है, जिससे उसका सेमीफाइनल में पहुंचना अब संभव नहीं रहा।
