बिहार के नवादा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां छठ पूजा के पावन अवसर पर परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। छठ घाट से घर लौट रहे एक युवक की तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

 

वीओ (रिपोर्ट):

घटना नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के छनौन मोड़ के पास की है। मृतक की पहचान कलौंडा गांव निवासी 35 वर्षीय जयराम चौहान के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि जयराम चौहान का परिवार छठ पूजा संपन्न कर घाट से अपने घर लौट रहा था। घर से महज 500 मीटर की दूरी पर ही एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

 

इस हादसे में जयराम चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत रोह अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

बताया जा रहा है कि जयराम की पत्नी ने पूरे परिवार की सुख-समृद्धि के लिए छठ व्रत रखा था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पूजा के बाद लौटते समय हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

 

मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही नवादा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी उमाशंकर सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

 

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *