भागलपुर। कड़ाके की ठंड को देखते हुए सामाजिक संस्था जीवन जागृति सोसायटी के तत्वावधान में अलीगंज क्षेत्र में एक सराहनीय सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विधवा महिलाओं, बुजुर्गों एवं असहाय व्यक्तियों के बीच कुल 50 कंबलों का वितरण किया गया। इस पुनीत कार्य से जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत मिली और क्षेत्र में संस्था की सामाजिक भूमिका की व्यापक सराहना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीवन जागृति सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि शीत ऋतु गरीब, बुजुर्ग और असहाय लोगों के लिए सबसे कठिन समय होता है। ऐसे में समाज और सामाजिक संगठनों की यह नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वे आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करें। उन्होंने बताया कि जीवन जागृति सोसायटी को समाज के कई सहयोगियों द्वारा कंबल दान स्वरूप प्राप्त होते हैं, जिन्हें संस्था लगातार समाज के कमजोर वर्गों तक पहुंचाने का कार्य करती है। उन्होंने यह भी बताया कि इस कार्यक्रम में वितरित किए गए कंबल एक सीए महोदय द्वारा दान किए गए थे, जिन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाना संस्था का उद्देश्य था।
इस अवसर पर संस्था के कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं संगठित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से भागलपुर दक्षिण क्षेत्र के लिए श्री कुणाल साह को दक्षिणी क्षेत्र का संयोजक नियुक्त किया गया। डॉ. अजय कुमार सिंह ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में सोसायटी के सामाजिक कार्य प्रत्येक मोहल्ले तक सुचारु रूप से पहुंच सकेंगे।
कंबल वितरण कार्यक्रम में डॉ. अजय कुमार सिंह, विनीता साह, धर्मेंद्र कुमार सहित सोसायटी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं स्थानीय समाजसेवियों में विक्रम कुणाल, पूर्व पार्षद प्रत्याशी वार्ड-42 दुर्गेश साह, संगीता देवी, अरविंद साह, मानव कुमार, रवि ठाकुर, सुनील साह, सिकंदर शर्मा, भोलू कुमार, अमर साह और मनीष आनंद उर्फ गड्डू साह की भी सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने समाज सेवा को निरंतर जारी रखने और जरूरतमंदों के लिए आगे भी ऐसे कार्य करने का संकल्प लिया।
