अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले से पहले भारतीय टीम को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। टीम इंडिया इस बार जीत के लिए मैदान पर ही नहीं बल्कि किस्मत और माहौल को लेकर भी कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय टीम ने फाइनल से पहले अपना होटल और ड्रेसिंग रूम दोनों बदल दिए हैं।

 

दरअसल साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत को इसी अहमदाबाद के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। उस समय टीम इंडिया आईटीसी नरमदा होटल में ठहरी हुई थी। इसके अलावा टूर्नामेंट के सुपर-8 मुकाबले में जब भारत साउथ अफ्रीका से हारा था, तब भी टीम इसी होटल में रुकी थी। ऐसे में चर्चा है कि उस हार की यादों और तथाकथित ‘बैड लक’ से बचने के लिए भारतीय टीम ने इस बार अपना ठिकाना बदल दिया है। अब टीम इंडिया अहमदाबाद के ताज स्काईलाइन होटल में शिफ्ट हो गई है।

 

हालांकि एक और वजह भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आईसीसी ने पहले फाइनल में पहुंचने वाली टीम न्यूजीलैंड के लिए आईटीसी नरमदा होटल पहले ही बुक कर दिया था। इसलिए भारत का होटल बदलना संयोग भी माना जा रहा है।

 

सिर्फ होटल ही नहीं, बल्कि भारतीय टीम इस बार अपने परमानेंट ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल भी नहीं करेगी। खबर है कि टीम इंडिया इस बार मेहमान टीम यानी विजिटिंग टीम वाले ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करेगी। माना जा रहा है कि इससे पुरानी हार की यादों और वास्तु के असर को बदलने की कोशिश की जा रही है।

 

टीम मैनेजमेंट जीत के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। मुंबई में सेमीफाइनल से पहले टीम ने अपनी प्रैक्टिस करीब 45 मिनट देरी से शुरू की थी ताकि चंद्र ग्रहण के समय अभ्यास करने से बचा जा सके। वहीं सपोर्ट स्टाफ का एक सदस्य उन शहरों के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी आशीर्वाद लेने जा रहा है जहां भारत अपने मैच खेल रहा है।

 

इधर फाइनल के लिए पिच को लेकर भी चर्चा तेज है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लाल, काली और हाइब्रिड तीन तरह की पिचें मौजूद हैं। भारत काली मिट्टी की पिच पर साउथ अफ्रीका से हार चुका है, इसलिए माना जा रहा है कि फाइनल के लिए लाल मिट्टी की पिच चुनी जा सकती है, जो भारतीय बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है।

 

वहीं फाइनल मुकाबले से पहले स्टेडियम में शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा। इंटरनेशनल स्टार रिकी मार्टिन अपने सुपरहिट गाने ‘मारिया’ पर परफॉर्म करेंगे। उनके साथ भारत की डांडिया क्वीन फाल्गुनी पाठक और मशहूर गायक सुखविंदर सिंह भी अपनी प्रस्तुति से माहौल को और खास बनाएंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *