भागलपुर। जिले के पीरपैंती से बाराहाट जाने वाली मुख्य सड़क एनएच-133 पर स्थित ओवरब्रिज के समीप शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कुल पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस दुर्घटना में साहेबगंज जिले के सकरीगली निवासी उमेश रविदास के पुत्र पूरन रविदास गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय उनकी पत्नी भी बाइक पर पीछे बैठी थीं, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के दौरान पूरन रविदास का जबड़ा उखड़ गया, जिससे उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
वहीं अन्य घायलों में मो. जहांगीर, मुन्ना मंडल, सुदामा मंडल सहित अन्य लोग शामिल हैं, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों मोटरसाइकिल तेज रफ्तार में थीं और चालक नियंत्रण खो बैठे, जिसके कारण आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को तत्काल उठाकर पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने पूरन रविदास की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता देखी गई। लोगों का कहना है कि एनएच-133 पर लगातार तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण सड़क हादसे बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल, नियमित चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
