भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत **मिरहट्टी पंचायत के नवटोलिया गांव के समीप फोर लेन सड़क** पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

मृतक की पहचान **लालमुनी यादव**, पिता शाहकुंड प्रखंड के **कसबा खैरी गांव** निवासी के रूप में हुई है। मृतक की मां **उषा देवी** ने बताया कि उनका बेटा घर से बाईं रोड गंगा स्नान करने **अजगैविनाथ धाम** जा रहा था। जैसे ही वह नवटोलिया फोरलेन मोड़ के समीप पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक हाइवा ट्रक ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लालमुनी यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

 

इस दुर्घटना में साथ में सवार **लक्ष्मण यादव** और **निर्मल यादव** गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को 112 वाहन की मदद से सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए **भागलपुर मायागंज अस्पताल** रेफर कर दिया।

 

हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

 

इधर, मौके पर पहुंचे जिला परिषद सदस्य **अरुण कुमार दास** ने कहा कि नवटोलिया फोर लेन मोड़ पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। अब तक इस जगह पर चार लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने सड़क निर्माण एजेंसी और प्रशासन से मांग की है कि **यहां पर स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा गार्ड** की व्यवस्था जल्द से जल्द की जाए, अन्यथा इस प्रकार की दुर्घटनाएं लगातार होती रहेंगी।

 

सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और हाइवा वाहन को जब्त करने की कार्रवाई में जुट गई है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि फोर लेन सड़क पर आए दिन तेज रफ्तार गाड़ियां दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं। प्रशासन अगर समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं करेगा तो लोगों की जान को खतरा बना रहेगा। वहीं, मृतक लालमुनी यादव के परिवार ने भी शासन-प्रशासन से न्याय और मुआवजे की मांग की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *