सहरसा। जिले के रहूआ चौक पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बुलेट और कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

मृतकों की पहचान बिजलपुर वार्ड नंबर-1 निवासी उमर और अलीशेख के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उमर के पिता का नाम मजलिस और अलीशेख के पिता का नाम उसमान है। दोनों युवक आपस में ममेरे भाई बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल, सहरसा पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

 

इधर, परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अस्पताल पहुंचने के बाद समय पर इलाज शुरू नहीं किया गया। न तो तत्काल डॉक्टर उपलब्ध थे और न ही जरूरी दवाएं दी गईं। परिजनों का दावा है कि यदि समय पर समुचित उपचार मिलता तो दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी। इस आरोप के बाद माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया।

 

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर जमकर हंगामा किया। इस दौरान तोड़फोड़ की भी सूचना है। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा।

 

बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाली कार मौके से फरार हो गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *