सहरसा जिले के वैजनाथपुर थाना क्षेत्र में देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में रेलवे कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

 

रिपोर्ट:

मिली जानकारी के अनुसार एक कार सहरसा से मधेपुरा की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग होली पर्व मनाने के लिए यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान वैजनाथपुर थाना क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में सड़क के डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

 

हादसे में स्नेह रंजन, जो रेलवे विभाग में कार्यरत थे, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। कार में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसे गहन निगरानी में रखा गया है।

 

घटना की सूचना मिलते ही वैजनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

होली जैसे खुशियों के पर्व के बीच इस हादसे ने परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *