भागलपुर जिले के पीरपैंती बाजार स्थित जिक्छों पोखर के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने एक टेंपू में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपू में सवार कई लोग घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों में कालीप्रसाद निवासी मो. आजीम के पुत्र मो. शाहिद की हालत सबसे गंभीर बताई गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाहिद के चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं और वे लहूलुहान हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। राहत कार्य में मुखिया पुत्र गौरव साह, पंचायत समिति प्रतिनिधि विजय साह और समाजसेवी रंजीत पासवान सहित कई लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने शाहिद की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन जारी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि दुर्घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती बरती जाए और बाजार क्षेत्र में यातायात नियंत्रण की बेहतर व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
