झारखंड के दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा चापुड़िया गांव के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान कमीशन हेम्ब्रम के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुमका की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक कमीशन हेम्ब्रम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके अलावा कार चालक भी इस हादसे में घायल हुआ है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मसलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक दोनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि कार पर ‘उप चिकित्सा अधीक्षक’ का बोर्ड लगा हुआ था, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।
इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।
