भागलपुर से बड़ी खबर आ रही है, जहां तिलकामांझी थाना क्षेत्र के डिक्शन मोड़ के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान कजरैली थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी 24 वर्षीय शक्ति पासवान के रूप में की गई है।
पुलिस के मुताबिक, शक्ति पासवान शुक्रवार तड़के करीब चार बजे गांव की एक महिला के साथ बाइक से भागलपुर में दुर्गा पूजा का मेला देखने जा रहा था। इसी दौरान उनकी बाइक तेज रफ्तार में ठेले से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतक के भाई दीपक कुमार ने बताया कि शक्ति देर रात अपनी बहन और बच्चों को मेला दिखाने गया था। रात करीब ढाई बजे घर लौटा और फिर दुकान मालिक सन्नी के कहने पर गांव की महिला पूनम देवी को भी मेला घुमाने ले गया। इसी दौरान हादसा हो गया। बताया जाता है कि सन्नी और पूनम देवी के बीच पांच साल से दोस्ती थी और वह उसके घर भी आता-जाता था। महिला का पति इस समय गुजरात में मजदूरी करता है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
