बिहार के बेतिया जिले के सिकटा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सैनिक रोड स्थित अठाइस लक्खा पुल के पास दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और जिंदगी के लिए जूझ रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सिकटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक की हालत नाजुक देखते हुए उसे पहले बेतिया जीएमसीएच और फिर बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान कंगली थाना क्षेत्र के गाद गम्हरिया गांव निवासी फैयाज उर्फ घोंघा मियां (60 वर्ष) और उनके बेटे नेयाज उर्फ मिठ्ठू मियां (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार अरमान मियां (25 वर्ष), जो परसा (नेपाल) जिले के भिस्वा गांव का रहने वाला था, उसकी भी मौत हो गई। उसी बाइक पर सवार कमरूल (40 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं और सड़क पर गड्ढा होने के कारण संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह भयावह टक्कर हुई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चारों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं और जान चली गई।

इस हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सिकटा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार मौर्य ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *