सहरसा जिले के उभरते टेबल टेनिस खिलाड़ी हिमांशु एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर उतरने जा रहे हैं। हिमांशु 22 से 26 मार्च 2026 तक गुजरात के गांधीधाम में आयोजित 87वीं अंतर राज्य सब जूनियर एवं कैडेट राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

 

सहरसा जिला टेबल टेनिस संघ के सचिव सह सीनियर स्टेट कोच रोशन सिंह धोनी ने बताया कि हिमांशु अंडर-13 और अंडर-15 वर्ग में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। खास बात यह है कि मात्र 13 वर्ष की उम्र में हिमांशु लगातार छठी बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

 

डीएवी पब्लिक स्कूल सहरसा के आठवीं कक्षा के छात्र हिमांशु पिछले तीन वर्षों से सहरसा इंडोर स्टेडियम में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उनकी सफलता के पीछे उनके कोच चिंटू चंदन का अहम योगदान रहा है, जो पहले बिहार जूनियर टेबल टेनिस टीम के कोच भी रह चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में हिमांशु लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

रोशन सिंह धोनी ने बताया कि सहरसा में खेलों का माहौल तेजी से विकसित हो रहा है। लगभग दर्जन भर खेलों में जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। बिहार सरकार की “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” नीति से भी खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिल रही है।

 

हिमांशु की इस उपलब्धि पर जिले के कई खेल संगठनों और अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। जिला खेल पदाधिकारी वैभव कुमार समेत विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

अंत में रोशन सिंह धोनी ने कहा कि खेल ही ऐसा माध्यम है, जिससे बच्चों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखा जा सकता है। “खेलता सहरसा, आगे बढ़ता सहरसा” का नारा अब सच होता नजर आ रहा है, और हिमांशु जैसे खिलाड़ी इस बदलाव की मिसाल बन रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *