apnabiharjharkhand

सहरसा के मट्ठा चौक पर तेज रफ्तार बाइक का कहर, बुजुर्ग महिला की मौत, एक घायल


सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मट्ठा चौक पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से हुए इस हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

मृतका की पहचान कोपरिया वार्ड संख्या 7 निवासी 70 वर्षीय अलवेलिया देवी, पति योगेंद्र यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अलवेलिया देवी अपने ममेरे भाई के साथ बाजार जा रही थीं। इसी दौरान मट्ठा चौक के समीप पीछे से तेज गति में आ रही बाइक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में सलखुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया।

परिजनों के अनुसार सदर अस्पताल में भी महिला की हालत गंभीर बनी रही, जिसके बाद उन्हें आगे रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान शाम में अलवेलिया देवी ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

परिजनों ने बताया कि बाइक सवार हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हालांकि बाइक की चाभी पीड़ित पक्ष के पास मौजूद है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मट्ठा चौक पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही रहती है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इलाके में ट्रैफिक नियंत्रण और सख्ती बढ़ाने की मांग की है।

वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि फरार बाइक चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *