बिहार के ड्राई स्टेट होने के दावों के बीच जिले से एक बार फिर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात चल रही एक हाई-प्रोफाइल शराब पार्टी का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के एक कनीय विद्युत अभियंता सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि ब्रह्मपुर चौराहा के पास एक कमरे में कुछ लोग अवैध रूप से शराब पार्टी कर रहे हैं और उनके पास हथियार भी मौजूद हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी। रात के अंधेरे में हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

गिरफ्तार आरोपियों में बिजली विभाग के इंजीनियर अमित कुमार राय को मुख्य भूमिका में बताया जा रहा है। उनके अलावा रामेश्वरनाथ तिवारी, सुधांशु रंजन, अमित कुमार पांडेय, संजय साह और प्रियांशु मिश्रा को भी हिरासत में लिया गया है। मौके से पुलिस ने विदेशी शराब की कई बोतलें बरामद की हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वहां शराब पार्टी चल रही थी।

छापेमारी के दौरान पुलिस को एक अवैध देसी राइफल और 1 लाख 15 हजार रुपये नकद भी मिले हैं। बरामद हथियार और नकदी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि राइफल किसकी है और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था।

फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसपी शुभम आर्य ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की गहन जांच जारी है और हर पहलू को बारीकी से खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *