भागलपुर में अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भीखनपुर इलाके में चल रहे एक क्लिनिक पर छापेमारी की। यह कार्रवाई सदर अस्पताल के प्रभारी डॉ. राजू कुमार और अस्पताल प्रबंधक आशुतोष कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम के साथ अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद थे।
छापेमारी के दौरान जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। दवाइयों की जांच के क्रम में बड़ी मात्रा में एक्सपायर दवाएं बरामद की गईं। यह देखकर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी हैरान रह गई। आशंका जताई जा रही है कि इन एक्सपायर दवाओं को मरीजों को दिया जा रहा था, जो सीधे तौर पर मरीजों की सेहत के साथ खिलवाड़ है।
जांच के दौरान “मां दुर्गा पॉली क्लिनिक” के नाम से मरीजों को लिखी जा रही पर्चियां भी बरामद की गईं। इन पर्चियों पर डॉ. प्रीति कुमारी, डॉ. नीतीश कुमार और डॉ. अरविंद कुमार के नाम अंकित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके से मरीजों की एंट्री रजिस्टर को भी जब्त कर लिया है, ताकि यह जांच की जा सके कि कितने मरीजों का इलाज यहां किया गया और किस प्रकार की दवाएं दी गईं।
कार्रवाई के बाद संबंधित क्लिनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध रूप से चल रहे क्लिनिकों और फर्जी चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस क्लिनिक के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं। अब देखना यह होगा कि जांच में और क्या तथ्य सामने आते हैं और संबंधित लोगों पर क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।
