हजारीबाग ट्रेजरी घोटाले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अब इस मामले के मुख्य आरोपी सिपाही शंभू कुमार का आलीशान मकान जांच के दायरे में आ गया है, जो कथित तौर पर खासमहाल जमीन पर बनाया गया है।

हजारीबाग के दीपूगढ़ा इलाके में स्थित शंभू कुमार का तीन मंजिला आलीशान मकान इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। जांच में सामने आया है कि यह भवन खासमहाल जमीन पर बना है, जो अमीर बानो, पति सैयद बाकर मेहंदी के नाम आवंटित है। हैरानी की बात यह है कि बिना लीज हस्तांतरण के ही इस जमीन पर निर्माण कार्य कर लिया गया।

 

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हजारीबाग उपायुक्त कार्यालय की ओर से मकान पर नोटिस चिपकाया गया है। नोटिस में पूछा गया है कि किस आधार पर इस जमीन पर निर्माण किया गया। साथ ही अमीर बानो और शंभू कुमार को सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे तक जवाब देने का निर्देश दिया गया है। स्पष्ट कर दिया गया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

जांच में यह भी पाया गया है कि संबंधित जमीन सरले मौजा, थाना संख्या 159, प्लॉट नंबर 252/677, रकबा 0.2725 एकड़ है, जिसकी लीज 31 मार्च 2038 तक के लिए अमीर बानो के नाम दर्ज है। ऐसे में बिना लीज ट्रांसफर के निर्माण होना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

वहीं, ट्रेजरी घोटाले की जांच लगातार जारी है। पुलिस विभाग के अकाउंट सेक्शन से करोड़ों रुपये के गबन मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनमें मुख्य आरोपी शंभू कुमार के अलावा धीरेंद्र कुमार सिंह, रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज और उनकी पत्नियां शामिल हैं।

 

जांच में अब तक करीब 15.41 करोड़ रुपये की फर्जी निकासी का खुलासा हुआ है, हालांकि यह रकम और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब आरोपियों के परिजनों और ससुराल पक्ष से भी पूछताछ की तैयारी में जुटी है।

फिलहाल, शंभू कुमार की संपत्ति और आय के स्रोतों की गहन जांच जारी है, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

 

संवाददाता:

सुनील कुमार ठाकुर

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *