भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बुढ़िया नदी, सिंहनान रोड स्थित गंगटा पोखर के आसपास ब्राउन शुगर के बढ़ते कारोबार ने इलाके में गंभीर चिंता पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे का यह जाल तेजी से फैलता जा रहा है और अब किशोर उम्र के बच्चे भी इसकी चपेट में आने लगे हैं, जिससे समाज पर इसका बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
इसी बीच नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान को लेकर जहां कुछ लोगों ने सवाल उठाए हैं, वहीं गांव के अधिकांश लोग पुलिस की इस पहल की खुलकर सराहना कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जगदीशपुर थाना के एसआई विकास कुमार द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, जो इलाके को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय लोगों के अनुसार, विकास कुमार एक निडर और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी हैं, जो बिना दबाव के नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।
वहीं दारोगा पर लगाए गए मारपीट के आरोपों को भी ग्रामीणों ने सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि यह सब नशा कारोबार से जुड़े लोगों की साजिश है, जो पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए माहौल को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि 13 मार्च को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की थी, लेकिन मुख्य आरोपी पहले ही फरार हो गया। इसके बावजूद पुलिस की सक्रियता जारी है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इलाके की महिलाओं और अन्य ग्रामीणों ने भागलपुर के पुलिस कप्तान प्रमोद कुमार यादव और विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार से मांग की है कि पूरे क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जाए, ताकि ब्राउन शुगर के इस नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके। लोगों का कहना है कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस की इस मुहिम को और मजबूत करने की जरूरत है। अब सबकी निगाहें वरीय अधिकारियों पर टिकी हैं कि इस गंभीर समस्या पर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
