बिहार दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार, सिमरी बख्तियारपुर के माननीय विधायक श्री संजय कुमार सिंह, नगर आयुक्त श्री प्रभात कुमार झा तथा अपर समाहर्ता श्री संजीव कुमार चौधरी, श्री निशांत और श्री गणेश कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई।
यह कार्यक्रम कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा कुमारी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक श्री कुमार आशीष ने युवाओं को संबोधित करते हुए राज्य और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को नशा और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रहना चाहिए, क्योंकि यह उनके उज्जवल भविष्य में बाधा बन सकता है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान दें और उन्हें सकारात्मक दिशा में प्रेरित करें।
जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जिला प्रशासन समेकित विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विभिन्न योजनाओं के पूर्ण होने से जिले के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर बिहार के युवा हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं।
वहीं विधायक श्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार के नेतृत्व में बिहार लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। नगर आयुक्त और अपर समाहर्ता ने भी बिहार दिवस के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने बिहार दिवस गीत में भाग लेकर उत्सव को यादगार बना दिया।
