उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से एक हैरान करने वाला और कुछ हद तक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पिछले पांच वर्षों से पुलिस की डायल 112 सेवा को बार-बार फोन कर अपनी शादी कराने की मांग कर रहा है। युवक हर बार पुलिस टीम को घर बुलाकर उनसे अपनी दुल्हन ढूंढने की गुहार लगाता है।
मामला नकहा धरमनगर गांव का है, जहां 38 वर्षीय केशवराम यादव रहते हैं। बताया जा रहा है कि केशवराम ने बीते पांच सालों में डायल 112 पर करीब 200 से 300 बार कॉल किया है। हाल ही में इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पुलिसकर्मियों से अपनी शादी कराने की जिद करते नजर आ रहे हैं।
परिवार के अनुसार, केशवराम मानसिक रूप से कमजोर हैं। करीब सात साल पहले उनकी शादी हुई थी, लेकिन उनकी गतिविधियों और व्यवहार को देखते हुए पत्नी के परिजनों ने रिश्ता खत्म कर दिया और उसकी दूसरी जगह शादी कर दी। इसके बाद से केशवराम अकेले हो गए और उन्होंने पुलिस से ही अपनी शादी कराने की मांग शुरू कर दी।
केशवराम तीन भाइयों में से एक हैं। उनके बीच वाले भाई मनोज की शादी हो चुकी है, लेकिन उनकी खुद की शादी दोबारा नहीं हो पाई। केशवराम का आरोप है कि घरवाले उनसे काम करवाने के लिए उनकी शादी नहीं कर रहे। वहीं उनके पिता राजाराम यादव का कहना है कि बेटा मंदबुद्धि है और उसकी शादी पहले हो चुकी थी, लेकिन पत्नी उसे छोड़कर चली गई।
पिता के मुताबिक, केशवराम की लगातार कॉल से पुलिस भी परेशान हो चुकी है। स्थिति ऐसी हो गई कि पुलिस ने उनके मोबाइल से सिम तक निकलवा दी, ताकि वह बार-बार डायल 112 पर फोन न कर सकें।
यह मामला जहां एक ओर हास्य पैदा करता है, वहीं दूसरी ओर मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े करता है।
