देश के जाने-माने उद्योगपति और अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी शनिवार को भागलपुर जिले के पीरपैंती पहुंचे। उनके इस दौरे को बिहार में औद्योगिक विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
बता दें कि पीरपैंती प्रखंड के सिरमतपुर एवं आसपास की करीब 479 हेक्टेयर भूमि पर अदाणी समूह द्वारा थर्मल पावर प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। यह अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक आधारित 2400 मेगावाट क्षमता का पावर प्लांट होगा। पिछले कई दशकों में बिहार में किसी निजी औद्योगिक समूह द्वारा किया गया यह सबसे बड़ा निवेश बताया जा रहा है।
दौरे के दौरान गौतम अदाणी ने निर्माणाधीन परियोजना स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
परियोजना स्थल की लोकेशन भी रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उत्तर दिशा में गंगा नदी, दक्षिण में नेशनल हाईवे तथा निकट ही पीरपैंती रेलवे स्टेशन होने से लॉजिस्टिक सुविधाएं मजबूत रहेंगी।
जानकारी के अनुसार, इस परियोजना पर लगभग 30 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान 10 से 12 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा, जबकि प्लांट के संचालन शुरू होने के बाद करीब 3000 स्थायी रोजगार के अवसर सृजित होंगे। फिलहाल चहारदीवारी निर्माण और भूमि समतलीकरण का कार्य तेजी से जारी है। परियोजना को पांच वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह मेगा प्रोजेक्ट बिहार की बिजली जरूरतों को मजबूती देने के साथ-साथ क्षेत्रीय रोजगार, औद्योगिक विकास और आधारभूत संरचना को नई गति प्रदान करेगा। उद्योग जगत की बड़ी हस्ती का यह दौरा राज्य में निवेश और विकास को लेकर सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
