नाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित प्रसिद्ध लाइफलाइन सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की टीम ने हिस्सा लिया। इस शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और जागरूकता फैलाना था।
शिविर में डॉ. स्वामी विवेकानंद के नेतृत्व में मरीजों को निःशुल्क जांच, परामर्श और दवा वितरण किया गया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर (आरबीएस), परिधीय ऑक्सीजन संतृप्ति, वजन प्रबंधन के साथ-साथ निःशुल्क ईसीजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 35 मरीजों की जांच की गई, जिन्हें आवश्यकतानुसार दवाएं और चिकित्सकीय सलाह दी गई। ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की सुविधा मिलने से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। इनमें नाला एसडीपीओ मनोज कुमार महतो, उपप्रमुख समर माजी, थाना प्रभारी राजीव रंजन कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. समीर कुमार मुर्मू, पंचायत समिति सदस्य गुलशन अली, डॉ. डीके सिंह, बीपीएम अहमद रजा परवेज और प्रधान सहायक श्यामबर सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे।
सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नाला जैसे पिछड़े क्षेत्र में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर का आयोजन बेहद सराहनीय है और इससे आम लोगों को काफी लाभ मिलेगा।
लाइफलाइन अस्पताल प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें न्यूरो और कार्डियो जैसे विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
मौके पर अस्पताल के मार्केटिंग प्रबंधक सौगत मंडल, असिस्टेंट मैनेजर सुजीत नायक, कार्यकारी प्रबंधक शीतल चक्रवर्ती, आईसीयू टेक्नीशियन टीयशा बनिक, एएनएम सोनाली घोष और पायल बनर्जी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
यह शिविर नाला क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी राहत और स्वास्थ्य सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
संवाददाता:
संतोष कुमार
