आईएमए भवन, लाजपत पार्क में 22 फरवरी 2026 को आयोजित निःशुल्क बाल हृदय रोग जांच शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। जीवन जागृति सोसाइटी एवं इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (आईएपी) भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों की हृदय संबंधी जांच की गई।

 

शिविर में मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना की शिशु हृदय रोग विशेषज्ञ टीम द्वारा बच्चों की इको जांच और अन्य आवश्यक परीक्षण किए गए। विशेषज्ञों ने अभिभावकों को बच्चों में होने वाले हृदय रोग के लक्षणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और समय पर जांच व उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

जीवन जागृति सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह आईएपी भागलपुर के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क जांच और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों में हृदय रोग की पुष्टि हुई है, उन्हें आगे के उपचार एवं आवश्यकता पड़ने पर सर्जरी के लिए मेदांता अस्पताल, पटना में नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

 

आईएपी के डॉ. अनिल यादव, डॉ. आर. के. मिश्रा एवं डॉ. पी. के. यादव ने भी शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि कई अभिभावकों ने बच्चों में सांस लेने में तकलीफ, बार-बार सर्दी-खांसी, वजन न बढ़ने और जल्दी थक जाने जैसी समस्याओं की जानकारी दी, जिनकी विशेषज्ञों ने गंभीरता से जांच की।

 

जीवन जागृति सोसाइटी के सचिव सोमेश यादव ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को समय पर उपचार मिल सके।

 

शिविर के सफल आयोजन में डॉ. अजय कुमार सिंह, डॉ. अनिल यादव, डॉ. आर. के. मिश्रा, डॉ. पी. के. यादव, श्रीमती आभा पाठक, सोमेश यादव तथा अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन को लेकर अभिभावकों ने संतोष व्यक्त किया और इसे सराहनीय पहल बताया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *