नवगछिया। बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों द्वारा चार युवकों की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार देर रात नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र के बोरवा गांव में हुई। ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर चारों युवकों को पकड़ लिया और लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।


घायलों की पहचान पूर्णिया जिले के मधुबनी निवासी टीपू अंसारी, सरफराज खान, समीर खान तथा कटिहार जिले के पोठिया निवासी रूपेश कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सभी युवक एक कार से बोरवा गांव के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों को उन पर बकरी चोरी का संदेह हुआ। देखते ही देखते भीड़ इकट्ठा हो गई और बिना पुष्टि किए ही चारों को पकड़कर पिटाई शुरू कर दी गई।


सूचना मिलते ही परबत्ता थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ से चारों युवकों को मुक्त कराया और तत्काल इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।


थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार ने बताया कि पुलिस ने युवकों की तलाशी ली, लेकिन उनके पास से कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ। प्रारंभिक जांच में बकरी चोरी की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। घटना में शामिल ग्रामीणों की पहचान की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह या संदेह की स्थिति में स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और निर्दोष लोगों को नुकसान न पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *